गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट ने निराश्रितों को भोजन किया वितरित

हरिद्वार, 23 फरवरी (हि.स.)। गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को गंगा घाटों पर जीवन यापन करने वाले निराश्रितों को भोजन प्रसाद वितरित किया गया।

ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल खड़का ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा के लिए कई प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में रहने वाले गरीब असहाय लोगों की भी ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर मदद की जाती है। गर्म कपड़ों, कंबल, भोजन आदि का वितरण किया जाता है।

ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य मोहित श्रोत्रिय ने कहा कि संस्था द्वारा झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले गरीब वर्ग के बच्चों की शिक्षा में भी योगदान किया जा रहा है। बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए उन्हें लेखन व पाठ्य सामग्री आदि वितरित की जाती है।