-अभियुक्त के कब्जे से 4440 नशीले कैप्सूल हुए बरामद, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को किया सीज
ऋषिकेश,13 मई (हि.स.)। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने स्कूल, कॉलेज के छात्र और फैक्ट्रियों में मजदूरों को नशीले कैप्सूलों की सप्लाई करने वाले नशे के सौदागर को 4440 नशीले कैप्सूलों व एक मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह सहारनपुर से नशीले कैप्सूल यहां लाकर यहां सप्लाई किया करता था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मुर्गी फार्म, आईडीपीएल, हरिद्वार रोड के पास से एक अभियुक्त को सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन नंबर यूके 14सी 4370 पर नशीले कैप्सूल की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उक्त नशीले कैप्सूलों को सहारनपुर के डीलर से खरीदकर लाया गया था, जिसे आरोपित द्वारा स्कूल, कॉलेज के छात्रों तथा फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को उंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाया जाता है। आरोपित से पूछताछ में कुछ अन्य नशा तस्करों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त हुई है, जिसके सम्बंध में जानकारी की जा रही है। पकड़े गए आरोपित का नाम जितेंद्र कुमार वर्मा पुत्र स्वर्गीय मलखान निवासी गली नंबर 1 हनुमान मंदिर कॉलोनी ऋषिकेश बताया गया है।