फतेहाबाद: पहले दिन शिविर में आई दस शिकायतें चार का हुआ समाधान
फतेहाबाद, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से नगर परिषद/नगर पालिका और संबंधित बीडीपीओ कार्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगरायुक्त संजय बिश्नोई की अध्यक्षता में फतेहाबाद नगर परिषद कार्यालय में समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी और बीडीपीओ कार्यालय में संबंधित बीडीपीओ ने आमजन की समस्याएं सुनी।
डीएमसी संजय बिश्नोई ने शिविर में लोगों की प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशनों आदि से संबंधित मामलों की समस्याएं सुनी। उन्होंने बताया कि आज समाधान शिविर में दस समस्याएं आई है, जिनमें से चार का मौके पर ही समाधान किया गया। उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने व आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन हमेशा तत्पर है। समाधान शिविर में आने वाले समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा। सरकार ने प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविर का आयोजन करके लोगों की समस्याओं को दूर करने का उद्देश्य रखा है। डीसी मनदीप कौर ने कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाओं के लिए शहरी क्षेत्र के लिए नगर परिषद कार्यालय व ग्रामीण क्षेत्र के लिए बीडीपीओ कार्यालय में समाधान शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया है। ये शिविर सभी कार्य दिवस में 9 से 11 बजे तक आमजन की शिकायते सुनेंगे और उसका त्वरित समाधान करेंगे। वहीं दूसरी ओर बीडीपीओ कार्यालय में बीडीपीओ की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
समाधान शिविर में रो पड़ी महिला, बोली : फैमिली आईडी में लिख दी आय से अधिक संपत्ति
नगर परिषद कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर एक शिकायतकर्ता महिला अपनी शिकायत सुनते हुए फूट-फूट कर रोने लगी। महिला ने कहा कि वह दफ्तरों के चक्कर लगाकर पागल हो चुकी, लेकिन उसकी शिकायत का कोई समाधान नहीं हो रहा है। शहर की हरनाम सिंह कॉलोनी निवासी लक्ष्मी नामक महिला संपत्ति से जुड़ी शिकायत लेकर समाधान शिविर में पहुंची। महिला ने रोते हुए कहा कि उसकी आय फैमिली आईडी में 3 लाख से ज्यादा लिख दी गई। जिस कारण से सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा। महिला का आरोप है कि वह इस संबंध में शिकायत लेकर दफ्तरों के चक्कर लगाकर पागल हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। उधर, नगर परिषद से बतौर सफाई दरोगा रिटायर हुए महेंद्र लाल ने अपनी पेंशन के संबंधित समस्या रखी। इसके अलावा मॉडल टाउन निवासी एक युवक ने प्रॉपर्टी आईडी ना बनने संबंधी शिकायत रखी। इसी तरह लगभग आधा दर्जन शिकायतें सामने आई हैं।