फतेहाबाद : रिकवरी करने गए  बिजली कर्मचारियों से हाथापाई, दो भाइयों ने छीना मीटर

फतेहाबाद : रिकवरी करने गए  बिजली कर्मचारियों से हाथापाई, दो भाइयों ने छीना मीटर

फतेहाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जाखल क्षेत्र में डिफाल्टर उपभोक्ताओं से बिल की रिकवरी के लिए पहुंचे बिजली निगम के कर्मचारियों के साथ दो भाइयों द्वारा हाथापाई करने और मीटर छीनने का समाचार है। इस मामले में बिजली निगम के कर्मचारी द्वारा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। शनिवार को पुलिस को दी शिकायत में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम जाखल के लाइनमैन जितेन्द्र कुमार ने कहा है कि वह अपने साथी लाइनमैन सोहन लाल व रोहताश के साथ गांव कुदनी में डिफाल्टर उपभोक्ताओं से बिजली बिल की रिकवरी के लिए पहुंचे थे।

पहले वह लाडी बाई के घर पहुंचे और बिल भरने को कहा लेकिन उन्होंने बिल भरने से इंकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने मीटर उतार लिया और मिट्ठू राम कुदनी व सुंदर सिंह कुदनी के पास गए और वहां से कासीमपुर निवासी मिट्ठू सिंह के घर जाकर बकाया बिल भरने को कहा। लाइनमैन जितेन्द्र ने कहा कि जब वह ठाकर सिंह कासीमपुर के घर पहुंचे तो वहां सुखा सिंह व उसका भाई नन्दू पुत्र सुंदर सिंह दोनों आ गए और बिजली निगम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच व हाथापाई करने लगे। दोनों भाई बिजली कर्मचारियों से मीटर छीनकर ले गए। बाद में कर्मचारियों ने पहले इस बारे में एसडीओ को सूचना दी और बाद में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई । इस मामले में पुलिस ने दोनों भाईयों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और हाथापाई करने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।