फतेहाबाद :डेयरी में घुसकर महिला का पर्स चुराया, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
फतेहाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के गुरूनानकपुरा मोहल्ला में बाइक पर आए तीन युवक एक दूध डेयरी से हजारों की नकदी चोरी कर फरार हो गए। इस बारे सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और युवकों की तलाश शुरू कर दी है। यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
सोमवार को पुलिस को दी शिकायत में गुरूनानकपुरा मोहल्ला निवासी सुदेश रानी ने कहा है कि वह अकेली अपनी दूध डेयरी पर बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक डेयरी पर आए थे। इनमें से दो युवक दुकान के अंदर आ गए जबकि एक युवक बाहर मोटरसाइकिल पर बैठा रहा। इनमें से एक युवक ने घी मांगा। जब वह घी देने लगी तो इसी दौरान युवकों ने वहां रखे उसे पर्स को चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए। पर्स में 55-60 हजार रुपये थे। इस पर जब उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को चैक किया और युवकों की काफी तलाश की लेकिन जब युवकों बारे कुछ पता नहीं चला तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।