सोशल मीडिया में वायरल एक शेरनी और उसके चार शावकों का वीड़ियाे बस्तर का नहीं है : आरसी. दुग्गा
जगदलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। एक शेरनी और उसके चार शावकों का सड़क पार करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, इसके साथ ही वन विभाग के द्वारा आस-पास के गांव के लोगों को उनके हाट बाज़ारों में सूचना दिए जाने का वीडियाे भी साथ में वायरल हाे रहा है। जिसे बस्तर जिले के करपावंड वन क्षेत्र के सोनपुर के आगे माइलबेड़ा का हाेना बताया जा रहा है।
वाइल्ड लाइफ के सीसीएफ आरसी. दुग्गा ने इसे नकार दिया है। उन्होंने कहा कि एक शेरनी और शावकों का यह वीडियो बस्तर का नहीं है। उन्हें लेपर्ड की सूचना मिली थी, लेकिन वह भी तेलंगाना-आंध्र प्रदेश के इलाके में देखा गया था। दरअसल, 14 सेकेंड के इस वीडियो में एक मादा टाइगर अपने चार शावकों के साथ रात में सड़क पार करते दिख रही है। उस मार्ग से गुजर रहे किसी राहगीर ने यह वीडियो बना लिया। जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें अलग-अलग दावे किए जा रहे थे।
—————