यमुनानगर: भाजपा सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं लागू कर रही है: निश्चल चौधरी
यमुनानगर, 24 नवंबर (हि.स.)। जगाधरी विधानसभा के गांव उधमगढ में 70 लाख रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने विधानसभा चुनावों से पूर्व जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के गांव उधमगढ में विभिन्न विकास कार्यों के 70 लाख रुपये की ग्रांट मंजूर की थी। उस समय विधानसभा चुनावों की आचार संहिता लागू होने की वजह से उस समय यह कार्य शुरू नहीं हो पाया था। अब उन्होंने उपरोक्त विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने अपने समय में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड तोड विकास कार्य करवाए हैं। विकास कार्यों की यह रफ्तार आगे भी ऐसे ही जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा सभी वर्गों को साथ लेकर हरियाणा को और आगे ले जाने का काम किया जा रहा है, भाजपा प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के योजनाएं लागू कर रही है।