छग शिक्षक संघर्ष मोर्चा के चरणबद्ध आंदोलन के तहत कांग्रेस विधायक काे साैंपा ज्ञापन

छग शिक्षक संघर्ष मोर्चा के चरणबद्ध आंदोलन के तहत कांग्रेस विधायक काे साैंपा ज्ञापन

जगदलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के चरणबद्ध आंदोलन के तहत आज शनिवार को छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने कांग्रेस के बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल से मिलकर अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा उपरांत कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री को शिक्षकों की मांगें शीघ्र पूर्ण करने पत्र लिख कर मांग करेंगे।

शिक्षक मोर्चा के ब्लाक संचालक शत्रुघ्न कश्यप ने बताया कि हमारी पांच सूत्रीय मांगों में मोदी जी के गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति दूर करना, क्रमोन्नत/समयमान वेतनमान प्रदान करना, समतुल्य वेतनमान (पुनरीक्षित वेतनमान ) में सही वेतन का निर्धारण कर 1.86 के गुणांक पर वेतन निर्धारण किया जाना, पूर्व सेवा अवधि की गणना करते हुए पुरानी पेंशन प्रदान किया जाना, केंद्र सरकार द्वारा 2 सितंबर 2008 को जारी आदेश के समान 33 वर्ष में पूर्ण पेंशन के स्थान पर 20 वर्ष में पूर्ण पेंशन का प्रावधान किया जाए। उच्च न्यायालय बिलासपुर के डबल बैंच द्वारा पारित निर्णय के तहत सभी पात्र शिक्षकों को क्रमोन्नति/समयमान प्रदान किया जाए। केंद्र के समान 01 जुलाई 2024 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाये तथा जुलाई 2019 से देय तिथि पर महंगाई भत्ते के एरियर राशि का समायोजन जीपीएफ/सीजीपीएफ खाता में किया जाए। मोर्चा के द्वारा आगामी 25 नवंबर को राजधानी रायपुर में इंद्रावती भवन से महानदी भवन तक पैदल मार्च कर ज्ञापन सौपा जायेगा। इस दौरान शिक्षक मोर्चा के जिला सह संचालक फूलदास नागेश, जिला मिडिया प्रभारी नीलमणी साहू, ब्लॉक सह संचालक पुरुषोत्तम मौर्य, ललित बघेल, एस एस जॉन, रामप्रसाद ठाकुर, सितेंद्र साहू, निमाई साहू, तिलक जोशी तथा अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

—————