दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने अरविंद केजरीवाल से पूछे चार सवाल
नई दिल्ली, 16 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि यह खेदपूर्ण है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दूसरों के काम पर प्रश्न खड़े करते हैं परन्तु अपनी सरकार की जनता की जवाबदेही पर भागते हैं।
सचदेवा ने आज यहां एक बयान में अरविंद केजरीवाल से कहा है कि वह खूब राजनीति खेलें और कश्मीर से कन्याकुमारी तक की घटनाओं पर सवाल उठायें लेकिन उसी के साथ दिल्ली की जनता के कुछ सवालों का भी जवाब दे दें। इस क्रम में उन्होंने कुल चार सवाल पूछे हैं, जो इस प्रकार हैंः
1. केजरीवाल बतायें कि उनके अत्यधिक सुरक्षित बंगले में जब एक महिला सांसद पर हिंसक हमला हो जाये और उससे पहले एक मुख्य सचिव से मारपीट हो जाये तो जनता किससे सवाल पूछे ?
2. केजरीवाल बतायें कि दिल्ली में जब 15 बच्चों सहित लगभग 60 नागरिकों की पानी में डूबने से मृत्यु हो जाये तो जनता किससे सवाल पूछे ?
3. केजरीवाल बतायें कि उन्होने मकोका में गिरफ्तार अपने अपराधी चाल चलन के विधायक नरेश बाल्यान की पत्नी को पार्टी प्रत्याशी बना कर बाल्यान को प्रोत्साहन क्यों दिया है ?
4. केजरीवाल बतायें कि दिल्ली में आपराधिक घटना कर वाले रोहिंग्या मुसलमानों को 10 हजार रुपये प्रति माह देने वाले अपने विधायक अमानतुल्लाह ख़ान पर वह चुप क्यों हैं ?
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल से अविलंब इन चार प्रश्नों का जवाब चाहती है।
—————