साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी को किया गिरफ्तार

साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी को किया गिरफ्तार

फतेहाबाद, 12 फरवरी (हि.स.)। साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने दूसरे के कागजात में छेड़छाड़ कर बैंक लोन लेने के मामले में कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान दया शंकर उर्फ बाबा पुत्र देविका प्रशाद निवासी कानपुर, यूपी हाल आबाद सीताराम नगर, लुहानियावास, जयपुर के रूप में हुई है। साइबर थाना फतेहाबाद प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने 28 अगस्त 2024 को प्रवीन कुमार पुत्र शीतल प्रसाद निवासी टिब्बा कालोनी, रतिया की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके एचडीएफसी बैंक के अकाउंट से बिना उसकी परमिशन के रुपये निकाले गए हैं जबकि बैंक की तरफ से उसे न तो कोई ओटीपी भेजा गया और न ही साइन करवाए गए हैं। जब उसने बैंक में पता किया तो उसे जानकारी मिली कि उसके नाम से 15 लाख का पर्सनल लोन चल रहा है जोकि उसने नहीं लिया है। अज्ञात व्यक्ति ने उसके डॉक्युमेंट से छेड़छाड़ कर लोन लिया और लोन अमाउंट को दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली। साथ ही वह अब किस्तें भी भर रहा है। जब उसने इस बारे में जांच पड़ताल की तो उसे पता चला कि प्रवीन कुमार पुत्र सुरजन सिंह निवासी रामनगर कालोनी रतिया ने उसके कागजात एडिट करके 15 लाख का लोन करवाया है। इस धोखाधड़ी में बैंक कर्मचारी भी मिले हुए हैं। इस बारे में पुलिस ने धोखाधड़ी बारे केस दर्ज किया और जांच अधिकारी एएसआई सोहन सिंह ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।