ईडी ने पूजा सिंघल को विभाग आवंटित करने का किया विरोध
रांची, 10 फ़रवरी (हि.स.)।
राज्य की आईएस अधिकारी पूजा सिंघल का निलंबन खत्म होने के बाद उन्हें विभाग आवंटित करने की तैयारी हो रही है, जबकि ईडी ने रांची पीएमएलए (प्रीवेन्शन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की विशेष कोर्ट में साेमवार काे याचिका दाखिल कर यह आग्रह किया है कि उन्हें कोई विभाग आवंटित नहीं हो।
ईडी की ओर से दाखिल की गई याचिका में कहा गया है कि यदि पूजा सिंघल को राज्य सरकार कोई विभाग आवंटित करती है तो वे पद का दुरुपयोग कर मामले को प्रभावित कर सकती हैं। वहीं ईडी की याचिका पर पूजा सिंघल की ओर से जवाब दाखिल कर दिया गया है। अब कोर्ट में ईडी की याचिका पर 14 फरवरी को सुनवाई होगी। उल्लेखनीय है कि मनरेगा घोटाला की अभियुक्त आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने 11 मई 2022को गिरफ्तार किया था। ईडी ने पांच मई को पूजा सिंघल के 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में ईडी को बेहिसाब पैसे और अन्य जगहों पर इंवेस्टमेंट के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। ईडी की छापेमारी के दौरान पूजा सिंघल के सीए सुमन सिंह के आवास और कार्यालय से 19.31 करोड़ रुपये की नकद बरामद हुई थी। वहीं पूजा सिंघल को सात दिसंबर 2024 को बीएनएस कानून के तहत जेल से रिहा किया गया था। हालांकि वह अब भी मनी लॉन्ड्रिंग केस में अभियुक्त हैं, लेकिन कानूनी प्रावधानों के अनुसार, जेल से बाहर रहने के दौरान उनका सस्पेंशन खत्म किया जा चुका है।
—————