फरीदाबाद : अशोक मस्ती ने पर्यटकों को सूरजकुंड की महास्टेज पर किया इक्कठा
फरीदाबाद, 18 फरवरी (हि.स.)। पंजाबी व हरियाणवी गीत की धुन जब मेला परिसर की महा स्टेज पर बजी तो मेला घूमने आए पर्यटक अनायास ही सुरीली आवाज की ओर खिंचे चले आए। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला-2025 में सोमवार की शाम प्रसिद्ध गायक अशोक मस्ती के नाम रही। अशोक मस्ती ने जब मंच से अपनी सुरीली आवाज में गीतों को गुनगुनाना शुरू किया तो उन्हें सुनने के लिए पर्यटकों की भीड़ का सैलाब महा स्टेज की ओर उमड़ पडा। मशहूर गायक अशोक मस्ती ने अपने आकर्षक अंदाज से महा स्टेज के माहौल को मस्तीनुमा बना दिया। मंच के समक्ष मौजूद सभी दर्शक उनके द्वारा गाए गए हर एक गीत पर झूमते नजर आए। अशोक मस्ती ने अपनी गायकी के अनोखे अंदाज से 38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेला की सोमवार की सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। उन्होंने दर्शकों के पसंदीदा गीतों की एक के बाद एक पेशकश से गानों की झड़ी सी लगा दी। सूरजकुंड मेला की सांस्कृतिक संध्या में गायक अशोक मस्ती ने जहां अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया वहीं दर्शकों ने भी अपने हाथों को ऊपर उठाकर किलकारियों के साथ उन्हें प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. सुनील कुमार, महाप्रबंधक आशुतोष राजन सहित अन्य अधिकारी व दर्शक मौजूद रहे।