अयोध्या : प्रधानमंत्री मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी ने श्रीराम लला व हनुमानगढ़ी का किया दर्शन
अयोध्या, 16 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी ने हनुमानगढ़ी और रामलला का दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रभु राम के दर्शन करके हमारा जीवन धन्य हो गया हमें बहुत खुशी मिली। जो कुछ अयोध्या में परिवर्तन हो रहा है यह आने वाले दिनों के लिए और अयोध्या के युवाओं के लिए बड़ा रोजगार देने वाला माहौल बन रहा है। प्रह्लाद ने कहा कि 500 वर्षों के त्याग और समर्पण के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है। राम मंदिर आंदोलन में जिन्होंने भी अपना बलिदान दिया है वह अमर हो गए। महाकुंभ को लेकर उन्होंने कहा कि महाकुंभ में सरकार की व्यवस्थाएं बहुत ही अच्छी और अतुलनीय हैं। स्वास्थ्य खराब होने के कारण मैं नहीं जा पाया लेकिन लोगों के मुंह से अच्छा ही सुन रहा हूँ। पहले जिस प्रकार से ऋषि मुनि यज्ञ करते थे उसी प्रकार महाकुंभ भी एक यज्ञ है जिसमें देश और दुनिया के लोग आ रहे हैं। लोग वहां जाने के लिए इतने उत्साहित है कि पूरा मार्ग जाम हो जा रहा है। व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया।