प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम से छात्राएं हुईं प्रभावित
खूंटी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा से कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कालामाटी की छात्राएं काफी प्रभावित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से परीक्षा को लेकर दिए गए एक-एक टिप्स को छात्राओं ने बड़े ध्यान से सुना और देश के अलग-अलग स्कूलों के बच्चों के साथ परीक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की।
छात्राओं से परीक्षा को लेकर होने वाली चिंता और डर को दूर करने के टिप्स प्रधानमंत्री ने दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के पूर्व शांत मन से निश्चिंत होकर परीक्षा भवन में प्रवेश करें और परीक्षा में कितने मार्क्स आयेंगे, इसकी चिंता बिल्कुल न करें। परीक्षा के वक्त नकारात्मकता को मन में हावी न होने दें। सकारात्मक ऊर्जा के साथ आपने जितनी पढ़ाई की है, उसी आधार पर बगैर स्ट्रेस लिए सवालों का जवाब दें।
—————