फतेहाबाद : जल घर में मिला कस्तूरी बिलाव, दहशत में लोग
फतेहाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल हाईवे हिसार रोड पर स्थित गांव धांगड़ के जलघर में शनिवार सुबह बूस्टिंग स्टेशन में एक अजीब प्रजाति का जानवर देखा गया। ग्रामीण इसे बिज्जू मान रहे हैं। ग्रामीण इस जानवर को जहरीला बता रहे हैं। ग्रामीणों ने वन्य जीव संरक्षण विभाग को मामले की जानकारी दी है, ताकि जानवर किसी को नुकसान न पहुंचा सके। हालांकि, वन्य जीव रक्षा विशेषज्ञों ने इसे कस्तूरी बिलाव बताया है। ग्रामीण रजनीश कुमार, विनोद कुमार, अशोक कुमार, राधेश्याम आदि ने बताया कि वह सुबह जल घर में गए हुए थे। इसी दौरान जल घर में बने थोड़े गहरे बूस्टिंग स्टेशन में यह जानवर नजर आया। ग्रामीणों ने इसे बाहर निकालने के लिए प्रयास किए तो इसने झपट्टे भी मारे। अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के प्रदेशाध्यक्ष विनोद कड़वासरा ने बताया कि यह बिज्जू नहीं बल्कि कस्तूरी बिलाव है। कस्तूरी बिलाव विशेषकर वनों में मिलने वाला एक छोटा, पतला, बिल्ली के आकार से मिलता-जुलता जानवर होता है। कड़वासरा ने बताया कि यह जहरीला नहीं होता लेकिन अपने बचाव में किसी पर अटैक कर सकता है।