फतेहाबाद : चंदे का हिसाब मांगा तो दुकानदार पर हमला, पांच पर केस दर्ज
फतेहाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव भिरड़ाना में चंदे का हिसाब मांगने पर कुछ लोगों ने एक दुकानदार पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल दुकानदार को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। इस बारे शनिवार को सदर फतेहाबाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भिरड़ाना निवासी भूषण कुमार ने कहा है कि वह गांव में फू्रट व सब्जी की दुकान करता है। गत दिवस सुबह जब वह दुकान पर बैठा था तो उसी समय सुनील नामक युवक उसकी दुकान पर आया और डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के प्रोग्राम के लिए चंदा मांगने लगा। जब उसने कहा कि गुरू रविदास जयंती का हिसाब बकाया है। पहले उसे पूरा करो। उसमें बकाया राशि व चंदा इकट्ठा करके डॉ. अम्बेडकर जयंती का प्रोग्राम कर लेंगे उस समय सुनील उसे देख लेने की धमकी देकर मौके से चला गया। बाद में तरसेम लाल ने भी उसकी दुकान पर हिसाब मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। देर शाम को तरसेम लाल, रमनदीप, सुनील, शोभराज, औमप्रकाश निवासी भिरड़ाना उसकी दुकान पर आए और उसके साथ गाली-गलौच करते हुए उस पर हमला कर दिया। इस पर उसके परिजनों ने उसे छुड़वाया और घायल अवस्था में फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। भूषण ने कहा कि तरसेम, रमनदीप, सुनील, शोभराज व ओमप्रकाश ने चंदे की राशि को लेकर उस पर हमला किया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।