पशु चिकित्सा विभाग के 44 कर्मचारियों की सेवाएं की गई समाप्त

पशु चिकित्सा विभाग के 44 कर्मचारियों की सेवाएं की गई समाप्त

रायगढ़, 9 मई (हि.स.)।पशु चिकित्सा सेवा विभाग जिला रायगढ़ में वर्ष 2012 में चतुर्थ श्रेणी आकस्मिक निधि स्वच्छकर्ता/ परिचारक सह चौकीदार की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत पर गठित जांच समिति गठित की गई थी।जांच समिति प्रतिवेदन के परिपालन में उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवायें, रायगढ़ ने 08 मई 2025 को आदेश जारी करते हुए पूरी भर्ती को शून्य घोषित किया और 44 कर्मचारियों की सेवायें समाप्त कर दी है।

इस संबंध में जारी आदेश में उल्लेख है कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत के पश्चात गठित जांच समिति को जांच और परीक्षण के बाद पूरी प्रक्रिया में कई विसंगतियां मिली। जिनमें भर्ती प्रकिया में महिला आरक्षण नियमों का पालन न किया जाना, विज्ञापित पदों की संख्या से अधिक संख्या में पदों पर भर्ती किया जाना, प्रावधिक (मेरिट) सूची का समुचित रूप से प्रकाशन न कर उसके संबंध में दावा आपत्ति आहूत न किया जाना, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में व्याप्त अनियमितताएं, 02 महिला अभ्यर्थियों का पृथक से नियुक्ति आदेश जारी किया जाने जैसी विसंगतियां शामिल है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2012 में पशु चिकित्सा सेवाएँ विभाग में की गई भर्ती कार्रवाई में कुछ अन्य अतिरिक्त अनियमितताएँ भी मिली ।जैसे – भर्ती प्रकिया में दिव्यांगों एवं भूतपूर्व सैनिकों के आरक्षण संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया है। भर्ती प्रकिया में अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों से संबंधित आरक्षण संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया है। चयन सूची का दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशन कर दावा-आपत्ति आमंत्रित नहीं किया गया है। प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) का निर्माण तथा संधारण करना नहीं पाया गया।

उपरोक्तानुसार जाँच समिति द्वारा पशु चिकित्सा विभाग रायगढ़ में वर्ष 2012 में सम्पादित की गई स्वच्छकर्ता/परिचारक सह चौकीदार संबंधी भर्ती प्रक्रिया की समग्र जॉच उपरांत इस भर्ती में महिला आरक्षण संबंधी नियमों का पालन न किये जाने, निःशक्तजन / भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थियों से संबंधित आरक्षण रोस्टर का पालन किये जाने, उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन जैसे अति महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य में अनियमितता किये जाने का उल्लेख किया गया है। जांच समिति के प्रतिवेदन के आधार पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं रायगढ़ द्वारा उक्त 44 कर्मचारियों की सेवा समाप्ति के आदेश जारी कर दिया गया है।

—————