डिलीवरी एजेंट से लूटपाट करने वाले चार आराेपित गिरफ्तार
कांकेर, 21 मई (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मर्देल के पास डिलीवरी एजेंट से 8,896 मूल्य के पार्सल की लूटपाट करने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 मई को थाना दुर्गुकोंदल अंर्तगत ग्राम सुखई निवासी मनोहर मातरम ने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह इंस्टा कार्ड प्राइवेट लिमिटेड के पार्सलों की डिलीवरी करने मोटरसाइकिल से भानबेड़ा और भोड़िया की ओर जा रहा था। डिलीवरी के दौरान जब वह ग्राम मर्देल के पास पहुंचा, तो हरीश कुमार उइके नामक व्यक्ति द्वारा पार्सल के बहाने कॉल कर उसे बुलाया गया। कुछ देर बाद हरीश उइके तीन साथियों के साथ बाइक पर पहुंचा और मनोहर से पार्सल मांगते हुए अश्लील गालियां देने लगा । विरोध करने पर आरोपियों ने डिलीवरी बॉय के साथ मार-पीट की और बैग में रखे सभी पार्सल (कुल मूल्य ₹38,896) लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर चार आरोपितों काे गिरफ्तार कर पूछ-ताछ में सभी आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार चाराें आरोपितों के विरूद्ध भानुप्रतापपुर थाना में कार्रवाई उपरांत आज न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
————–