फतेहाबाद : दुकानदार को मसाले भेजने के नाम पर एक लाख ठगे, यूपी का युवक गिरफ्तार

फतेहाबाद : दुकानदार को मसाले भेजने के नाम पर एक लाख ठगे, यूपी का युवक गिरफ्तार

फतेहाबाद, 10 मई (हि.स.)। जिले के शहर भूना के दुकानदार से एक लाख 5 हजार की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने शनिवार को यूपी के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान रणजीत कुमार पुत्र अरविंद निवासी अतरौली जिला कन्नौज, यूपी के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। साइबर थाना फतेहाबाद प्रभारी इंस्पैक्टर सतीश ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने 27 अप्रैल को खैरी चौक, भूना निवासी लीलाकृष्ण की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी भूना में गेहूं-चना पिसने के लिए जय बाबा राणाधीर एग्रो नाम से 5 चक्कियां हैं। उसने जीरा व धनिया की पिसाई करनी थी। जीरा व धनिया खरीदने के लिए उसने सात अप्रैल को इंडिया मार्ट एप पर ट्रेडिंग कम्पनी सर्च की तो उसका सम्पर्क जैन ट्रेडिंग कम्पनी से हुआ। उन्होंने उसे सामान के बिल की कॉपी व अपना आधार कार्ड व्हाटसएप पर भेजा, जिसको उसने वेरिफाई किया। इसके बाद उसने जीरा व धनियां खरीदने के लिए उक्त फर्म के अकाउंट में एक लाख 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस पर उससे कहा गया कि वह कल उसका सामान भेज देंगे। इसके बाद से उनका फोन नंबर बंद आ रहा है। कई दिन बीतने के बाद भी जब उसे जीरा व धनिया नहीं मिला तो उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला और उसने इस बारे में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।