खुरहा-चपका और त्वचा रोग की रोकथाम के लिए दो मसिक टीकाकरण शुरू
खूंटी, 19 मई (हि.स.)। रनिया प्रखण्ड मेएफएमडी (खुरहा-चपका) और एलएसडी (गांठदार त्वचा रोग) के नियंत्रण को लेकर दो मासिक टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सोमवार को किया गया।
यह टीकाकरण 18 जुलाई तक चलेगा, जिसमें सभी बड़े पशुओं को एक साथ दोनों रोगों की रोक के लिए निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। यह कार्यक्रम न केवल खूंटी जिले बल्कि झारखंड के सभी जिलों में एक साथ चलाया जा रहा है और पूरे देश में एक समान रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान में जिले के सभी पशु चिकित्सकों, पैरा-वेट्स एवं टीकाकर्मियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
टीकाकरण कार्यक्रम में 10 डॉक्टर और 45 टीकाकर्मी सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। टीकाकर्मियों को प्रत्येक पशु की ईयर टैगिंग, वैक्सीनेशन, ऑनलाइन पंजीकरण तथा पशुधन ऐप में डाटा अपलोड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खुरहा-चपका और गांठदार त्वचा रोग अत्यंत संक्रामक होते हैं, जिससे पशुपालकों को आर्थिक हानि उठानी पड़ती है। इसको देखते हुए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
रनिया प्रखण्ड में आयोजित कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अभिमन्यु प्रसाद, अवर प्रमंडल पशुपालन पदाधिकारी डॉ. नवीन आर्य, टीवीओ रनिया डॉ अनिल नायक सहित छह टीकाकर्मी उपस्थित थे। जिला पशुपालन विभाग की ओर से सभी पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने मवेशियों का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं, जिससे इन संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सके। यह सेवा पूर्णतः निःशुल्क है।
—————