पीडि़त प्रतिकर योजना में 24.82 लाख रुपए स्वीकृत
जोधपुर, 19 मई (हि.स.)। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी राजस्थान पीडि़त प्रतिकर योजना के अंतर्गत सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सभागार में अध्यक्ष जिला एवं सत्र न्यायाधीश जोधपुर महानगर अजय शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान विभिन्न न्यायिक एवं प्रशासकीय अधिकारियों की उपस्थिति में कुल 24 लाख 82 हजार 500 रुपए की सहायता राशि विभिन्न प्रकरणों में पात्र पीडि़त पक्षों के लिए स्वीकृत की गई, जिसे शीघ्र ही संबंधित पक्षकारों को वितरित किया जाएगा।
बैठक में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो न्यायालय) डॉ. मनीषा चौधरी, मोटरयान दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश बुलाकी दास व्यास, पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश सतीश चन्द्र गोदारा, श्रम एवं औद्योगिक न्यायालय के न्यायाधीश देवेन्द्र सिंह नागर, मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट सुरेन्द्र चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) कैलाश पारीक, हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रतनाराम ठोलिया, राजकीय अभिभाषक दिनेश शर्मा तथा प्राधिकरण के सचिव राकेश रामावत सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।