राजगढ़, 17 फरवरी । मध्य प्रदेश के राजगढ़ में मंगलवार सुबह मिडवे होटल के सामने दो बैल और चार गाय मृतअवस्था में मिली। आक्रोशित गोसेवकों ने हाइवे-52 पर शवों को रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर गोसेवक माने और जाम खोला।
जानकारी के अनुसार मिडवे होटल के समीप चार गाय और दो बैल मृतअवस्था में मिले। खबर लगते ही गोसेवक मौके पर पहुंचे,जो गोवंश के शवों को वाहन में रखकर हाइवे पर पहुंच गए, जहां उन्होंने शवों को रखकर हाइवे पर प्रदर्शन शुरु कर दिया, लगभग 20 मिनट तक गोसेवकों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर हकीकत समाने लाने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। प्रकरण में पशु चिकित्सकों का कहना है कि मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गोवंश के पेट में भारी मात्रा में पाॅलीथिन निकली है। प्रथम दृष्ट्या में मौत का कारण यही प्रतीत हो रहा है, अन्य किसी वजह से मौत नही हुई है।