धनबाद में सालगिरह पार्टी के दौरान बॉडीगार्ड की गोलीबारी का वीडियो वायरल

धनबाद, 20 अप्रैल । धनबाद में एक बार फिर दबंगई और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) से जुड़े चर्चित नाम लालबाबू सिंह और उनके भाई कुंभ नाथ सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला किसी विवाद या टेंडर से नहीं, बल्कि एक भव्य सालगिरह समारोह के दौरान खुलेआम फायरिंग से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, धनबाद के कुसुम बिहार इलाके में कुंभ नाथ सिंह की शादी की सालगिरह पर भव्य आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर खर्च कर कलाकारों को बुलाया गया था और चारों ओर रोशनी, संगीत और जश्न का माहौल था।

लेकिन इसी दौरान माहौल उस समय अचानक बदल गया, जब कुंभ नाथ सिंह के निजी अंगरक्षक ने हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच पर कुंभ नाथ सिंह गाना गा रहे हैं, जबकि उनके पीछे खड़ा बॉडीगार्ड लगातार गोलियां चला रहा है।

मौके पर मौजूद उनके करीबी कुणाल सिंह ने भी अंगरक्षक को फायरिंग के लिए इशारा किया, जिसके बाद कई राउंड गोलियां चलाई गईं। हैरानी की बात यह रही कि गोलीबारी के बावजूद कार्यक्रम में मौजूद लोग दहशत के बीच भी जश्न में शामिल रहे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। खुलेआम फायरिंग की यह घटना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है।