कांग्रेस महिला विरोधी : राजेंद्र राणा

हमीरपुर, 24 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले बोलते हुए उसे महिला विरोधी, भ्रष्ट और अविश्वसनीय करार दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने शुक्रवार को हमीरपुर में पत्रकारों से रूबरू होते हुए ऐसे गंभीर आरोप लगाए कि सियासी गलियारों में हलचल मच गई।

राणा ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक का गिरना कांग्रेस की उस मानसिकता को दर्शाता है, जो महिलाओं को सत्ता से दूर रखना चाहती है।

उन्होंने आरोप लगाया क‍ि कांग्रेस ने इस विधेयक का विरोध करके महिलाओं के प्रति अपनी नकारात्मक सोच पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब महिला शक्ति इसका मुंहतोड़ जवाब देगी और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

भाजपा प्रवक्ता ने हमीरपुर बस अड्डे के निर्माण को लेकर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बस अड्डे के टेंडर को करीब 300 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है, जो पूरी तरह से नियमों और कानूनों की अवहेलना है।

उन्होंने कहा कि इस घोटाले से पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार की बदबू आ रही है। पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि सही समय आने पर बता दिया जाएगा कि किस-किस नेता के घर सरकारी सामग्री पहुंची है।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव टालने की साजिश रचने का भीआरोप लगाया। उन्होंने कहा क‍ि पंचायती राज और स्थानीय निकायों के चुनावों को रोकने के लिए कांग्रेस ने हर संभव कोशिश की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के कड़े आदेशों के बाद उन्हें 31 मई तक चुनाव करवाने को मजबूर होना पड़ा।