राजगढ़, 20 अप्रैल । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोई में रहने वाली 30 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को उसके पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति और सास एक लाख रुपये नकद व अन्य रकम की मांग कर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़ित कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार ग्राम झरखेड़ा थाना दोराहा जिला भोपाल, हाल निवासी मोई की दुर्गा सगर ने बताया कि उसका विवाह आठ वर्ष पहले मोहन सगर से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। दंपत्ति की एक बेटी भी है। शादी के कुछ समय बाद ही पति मोहन और सास बिट्टो बाई उसे ताने देने लगे कि वह दहेज लेकर नहीं आई है। उन्होंने उससे मायके से एक लाख रुपये लाने की मांग की और इसी बात को लेकर आए दिन परेशान किया जाता था। पीड़िता ने बताया कि हाल ही में वह पति के साथ मोई में एक शादी में शामिल होने आई थी। सोमवार सुबह जब ससुराल लौटने की बात हुई तो पति मोहन ने कहा कि पहले एक लाख रुपये लेकर आओ, तभी वह उसे साथ ले जाएगा। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने पति मोहन और सास बिट्टो बाई के खिलाफ धारा 85 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।