शिक्षण से सशक्त होगा संगठन, वैचारिक कार्यकर्ता तैयार करना भाजपा का लक्ष्य : संजीव कटवाल

शिमला, 20 अप्रैल । भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल आधार सशक्त, जागरूक और वैचारिक रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में 11 महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका उद्देश्य संगठनात्मक कार्यशैली को सुदृढ़ करना, वैचारिक स्पष्टता बढ़ाना और जनसंपर्क क्षमता को मजबूत बनाना है।

कटवाल ने कहा कि प्रशिक्षण के प्रमुख विषयों में भाजपा का इतिहास एवं विकास, कार्यकर्ता विकास एवं दायित्व बोध, कार्यपद्धति, मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं, एकात्म मानववाद एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, बूथ प्रबंधन, देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियां, मीडिया एवं सोशल मीडिया की भूमिका, विचार परिवार तथा कार्य विस्तार शामिल हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता वक्ता के रूप में भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त व्यावहारिक सत्रों में कर्ण नंदा, संदीपनी भारद्वाज और अजय राणा कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

संजीव कटवाल ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में आधुनिक विषयों जैसे सोशल मीडिया, नई तकनीक और प्रभावी संचार प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि कार्यकर्ता वर्तमान समय की चुनौतियों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह प्रशिक्षण मॉडल अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत करता है, जहां कार्यकर्ता केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैचारिक रूप से मजबूत और समाज के प्रति उत्तरदायी बनता है।

कटवाल ने कहा, “भाजपा में कार्यकर्ता केवल संगठन का हिस्सा नहीं, बल्कि विचारधारा का वाहक होता है, और यह प्रशिक्षण अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”