थाना सीवन क्षेत्र के गांव कांगथली में पुरानी रंजिश के चलते हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि गांव कांगथली निवासी राकेश कुमार ने शिकायत दी कि 15 अप्रैल की शाम जब वह घर से बाहर जा रहा था, तो रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे बोबी, गुरुचरण और राजू ने उसे रोक लिया।
आरोपियों के पास टकूआ और कृपाण जैसे हथियार थे, जिनसे उन्होंने हमला कर दिया। हमले में घायल राकेश किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा।
शिकायत के बाद जब राकेश के परिजन आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां पहले से कई लोग एकत्रित थे। इसी दौरान भागा राम बंदूक लेकर खड़ा मिला।
परिजनों को देखते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि भागा राम ने दो फायर किए, जबकि बंटी ने भी एक फायर किया। गोलीबारी से दहशत का माहौल बन गया और परिजन जान बचाकर मौके से भागे तथा तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
मामले में थाना सीवन में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच टीम ने इंस्पेक्टर रमेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन राम, फत्ता राम और भागा राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने भागा राम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बच्चों के बीच पहले हुए विवाद के चलते यह रंजिश पनपी, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।