नई दिल्ली, 30 अप्रैल । अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत ने दुनिया भर की अर्थव्यवस्था के लिए परेशानी का माहौल बना दिया है। ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार के हाजिर सौदों के साथ ही वायदा बाजार में भी आज कच्चे तेल ने जोरदार तेजी दिखाई। वायदा बाजार में ब्रेंट क्रूड आज 126 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी फ्यूचर मार्केट में 111 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान के साथ न्यूक्लियर डील होने तक होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी जारी रहेगी। ट्रंप के इस बयान के बाद इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज में ब्रेंट क्रूड का जून कॉन्ट्रैक्ट 7.10 प्रतिशत की उछाल के साथ 126.41 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि बाद में ये 121.32 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर सेटल हुआ। इसी तरह निमेक्स पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड का जून कॉन्ट्रैक्ट 5.23 प्रतिशत बढ़ कर 110.93 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सौदे के मामले में भी कच्चा तेल आज लगातार उबाल खाता रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहले सत्र के कारोबार में आज लगातार तेजी बनी रही। हालांकि दूसरे सत्र के कारोबार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट का रुख बनता हुआ नजर आया। इसके पहले बुधवार को ब्रेंट क्रूड 115.61 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर तक पहंचने के बाद 110.44 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर सेटल हुआ था। आज ब्रेंट ने 0.01 डॉलर की सांकेतिक कमजोरी के साथ 110.43 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की और थोड़ी देर में ही 114.47 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद इसकी चाल में कमजोरी भी आई। फिलहाल भारतीय समय के मुताबिक शाम 5:45 बजे ब्रेंट क्रूड 1.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 108.96 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड बुधवार को 107.12 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक छलांग लगाने के बाद 106.88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ था। आज डब्ल्यूटीआई क्रूड ने 106.95 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक ये उछल कर 110.93 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद इसकी कीमत में भी गिरावट का रुख बन गया। फिलहाल शाम 5:45 बजे (आईएसटी) डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.88 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 104.87 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।