नई दिल्ली, 30 अप्रैल । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को द्वारका की घटना में दिवंगत पांडव कुमार के शोकाकुल परिवार से दिल्ली सचिवालय में मिलकर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एक बेटे का असमय चले जाना माता-पिता के लिए कितना बड़ा दुख होता है, इसे शब्दों में नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में हम पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। दिल्ली सरकार उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। यह घटना अस्वीकार्य है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बिहार के एक बेटे के साथ हुई इस घटना पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में कोई ढिलाई न हो और दोषियों को कठोरतम दंड मिले। उन्होंने कहा कि देश के हर राज्य से आकर दिल्ली में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति दिल्लीवासी है, हमारा परिवार है। क्षेत्रीयता के आधार पर हिंसा और अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि द्वारका जिला स्थित जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में शनिवार की रात हुई फायरिंग में पांडव कुमार की मौत हो गई थी।