बीजापुर, 27 अप्रैल । जिला पंचायत की सामान्य सभा के बहिष्कार को लेकर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस-जे (जेसीसीजे) के बस्तर संभागीय उपाध्यक्ष विजय झाड़ी ने प्रेस में बयान जारी कर कहा कि, भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करती और विकास कार्यों से मुंह मोड़ रही है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों जिला पंचायत की सामान्य सभा का भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों द्वारा जानबूझकर बहिष्कार किया गया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। सामान्य सभा वह मंच है जहां क्षेत्र के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मंच का बहिष्कार करना जनहित की उपेक्षा है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का उद्देश्य अधिकारियों पर दबाव बनाकर अनुचित लाभ उठाना है।
विजय झाड़ी ने आरोप लगाया कि, सत्तापक्ष के सदस्य ही यदि बैठक का बहिष्कार करते हैं तो यह स्पष्ट संकेत है कि भाजपा और उनके जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास में रुचि नहीं रखते। उन्होंने कहा कि, भाजपा विकास नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को जनहित के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। जब जिला पंचायत बीजापुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने कथित दबाव और मनमानी को रोका, तो भाजपा सदस्यों ने सामान्य सभा की बैठक का ही बहिष्कार कर दिया, जो पंचायती राज व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है।