सूरजपुर, 27 अप्रैल । सूरजपुर में कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को क्लस्टरवार जिम्मेदारी सौंपते हुए शिविरों के सफल आयोजन और आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच ग्राम पंचायतों में आमजन से प्राप्त आवेदनों की क्लस्टरवार स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की प्रगति से कलेक्टर को अवगत कराया। इस दौरान आवेदनों के प्रारूप और समाधान की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि, 1 मई से शुरू होने वाले शिविरों की जानकारी मुनादी और प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से पहले ही आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
सेक्टर स्तर पर 1 मई से 8 जून तक विभिन्न क्लस्टरों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें करीब 20 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। खोपा, बड़सरा, चंद्रमेढ़ा, सुंदरपुर, उमापुर, बरबसपुर, उमेशपुर, सेंदुरी, कांटारोली, बकालो, कोटेंया, मोहरसोप, छतरंग, पकनी, टमकी, कुदरगढ़, खड़गवाकला, रेवटी, चंदोरी, टुकुडांड, सत्तीपारा, कनकपुर, पर्री, महेशपुर, पाठकपुर और डेंडरी सहित कई स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।
बैठक में निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्यों को 15 जून तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने, विशेषकर हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और सुरक्षित प्रसव पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, डीएफओ डी.पी. साहू, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।