पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में खेल मैदान, सोलर पैनल और आधारभूत सुविधाओं पर हुई चर्चा

चतरा, 27 अप्रैल । चतरा के उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान विद्यालय के खेल मैदान तक पहुंच मार्ग की समस्या प्रमुख मुद्दा रही। विद्यार्थियों को खेल मैदान तक पहुंचने में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को खेल गतिविधियों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और इसके लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

विद्यालय के विद्युत बिल में अनियमितता के मुद्दे पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। उपायुक्त ने इस संबंध में झारखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (जेआरईडीए) के माध्यम से विद्यालय परिसर में सोलर पैनल लगाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल की स्थापना से विद्यालय को दीर्घकालिक, किफायती और स्थायी समाधान मिल सकेगा, साथ ही ऊर्जा बचत को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में विद्यालय परिसर में कटे हुए यूकेलिप्टस पेड़ों को हटाने के मुद्दे को भी उठाया गया। लंबे समय से पड़े इन पेड़ों के कारण परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा प्रभावित हो रही थी। इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) के पदाधिकारी को पत्राचार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ सुरक्षित और व्यवस्थित परिसर भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें।