जनगणना प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण सत्र शुरू

खूंटी, 27 अप्रैल । उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए जिले के सभी चार्जों (सभी प्रखंंडों और एक नगर पंचायत) में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र सोमवार से शुरू हुआ।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित कार्यों, प्रक्रियाओं और प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी देना है, ताकि क्षेत्र में कार्य निष्पादन के दौरान सभी गतिविधियां सुचारु और त्रुटिरहित ढंग से संपादित की जा सकें।

उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों की ओर से घर-घर जाकर 16 मई से 14 जून तक मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। वहीं आम नागरिकों के लिए स्व-गणना का विकल्प 01 मई से 15 मई तक उपलब्ध रहेगा।

जिले में कुल लगभग 1561 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 20 फील्ड ट्रेनरों की ओर से विभिन्न बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अपर समाहर्त्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी परमेश्वर मुण्डा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी और जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंंड के पदाधिकारियों ने प्रखण्ड एवं नगर पंचायत में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।

इस दौरान अपर समाहर्त्ता परमेश्वर मुण्डा ने प्रशिक्षण सत्र को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।