पूर्वी सिंहभूम, 15 अप्रैल । बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जमशेदपुर हाई स्कूल के पास स्थित बजरंग चाय दुकान की संचालिका मेंहदी कुमारी पर हुए हमले के मामले के नामजद आरोपित प्रेम कुमार ने बुधवार को जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। उसने अपने अधिवक्ता गौरव पाठक और साकेत सुमन के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि 06 अप्रैल की रात बजरंग चाय दुकान पर कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपितों ने दुकान संचालिका मेंहदी कुमारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर उन पर गर्म चाय फेंक दी।
इस हमले में मेंहदी कुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस संबंध में पीड़िता के भाई अंकित कुमार ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, घटना के बाद शुरुआती दिनों में पुलिस की कार्रवाई धीमी रही और छह दिन तक केवल एक आरोपित की ही गिरफ्तारी हो पाई, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता गया।
स्थानीय लोग और राजनीतिक दल, सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाते हुए बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग तेज की। इसी बीच प्रेम कुमार का कोर्ट में आत्मसमर्पण करना मामले में एक महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। पुलिस अब अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पीड़िता मेंहदी कुमारी का इलाज जारी है।