अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बच्चे को कुचला, मौत

पलामू, 15 अप्रैल । जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के बेनी कला पंचायत अंतर्गत शबानो गांव के तरीपर टोला में बुधवार सुबह में सड़क किनारे खेल रहे एक तीन वर्षीय बच्‍चे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतक की पहचान तरीपर टोला निवासी रंजीत पासवान के पुत्र रामलला कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था और इसी दौरान सड़क पार करने लगा। तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने संतुलन खो दिया और मासूम उसकी चपेट में आ गया।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के तकेया गांव का बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना पाकर हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपित चालक के जल्‍द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।