खूंटी, 19 अप्रैल । खूंटी जिले में झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार को सभी 09 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दण्डाधिकारी, गश्ती दण्डाधिकारी एवं फ्लाईंग दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही, आवश्यकता अनुसार पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा गया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
इस क्रम में उपायुक्त द्वारा पुलिस अधीक्षक, खूंटी कार्यालय परिसर में स्थापित परीक्षा नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों पर संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया एवं आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।