बार बार नशा तस्करी में शामिल आरोपी निवारक हिरासत में भेज़ा

धर्मशाला, 19 अप्रैल ।जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को निवारक हिरासत में भेज दिया है। बार बार नशा तस्करी में शामिल रहे आरोपी मुकेश कुमार उर्फ लड्डू (27) वर्ष निवासी गांव चकवन राख, तहसील शाहपुर को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन माह के लिए जिला कारागार कांगड़ा (धर्मशाला) में नजरबंद किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। ये मामले पठानकोट के डिवीजन नंबर-दो थाना, नूरपुर थाना तथा शाहपुर थाना में दर्ज हैं, जिनमें उसके कब्जे से चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस विभाग की मानें तो बार-बार गिरफ्तारी और जमानत मिलने के बावजूद आरोपी अपनी अवैध गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा था।

खुफिया रिपोर्टों में भी यह सामने आया कि वह क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण में सक्रिय था, जिससे खासकर युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा था और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट, 1988 के तहत निवारक हिरासत का प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा। इसके बाद धारा 3(1) के तहत आदेश जारी करते हुए आरोपी को तीन माह के लिए हिरासत में रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस थाना शाहपुर ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार जिला कारागार कांगड़ा स्थित धर्मशाला भेज दिया है।

जिला कांगड़ा पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने बताया कि लगातार नशे में संलिप्त आरोपी को तीन माह के लिए नजरबंद किया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है, और भविष्य में भी इस तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।