नई दिल्ली, 30 अप्रैल । दिल्ली समेत एनसीआर में गुरुवार दोपहर आंधी-बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के यमुना विहार, करावल नगर, उस्मानपुर और सीलमपुर समेत कई इलाकों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे हैं।
भारतीय मौसम विभाग द्वारा पहले ही 30 अप्रैल के लिए पूर्वानुमान जारी किया गया था। जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान था। वहीं, आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 48 प्रतिशत से 30 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई गई थी।
मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आया है। आगामी एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने की आशंका जताई गई है।
विभाग ने पहले ही आज दिन के दौरान आंशिक रूप से तेज हवा और बारिश की आशंका जताई थी। लोग बारिश और ओले गिरने के वीडियो अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार शेयर कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार खराब मौसम से प्रभावित गेहूं की खरीद नियमों में छूट देने को पहले ही मंजूरी दे चुकी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ही इस वर्ष रबी मार्केटिंग सीजन (आरएमएस) 2026-27 के लिए पूरी दिल्ली के सभी जिलों में गेहूं खरीद के गुणवत्ता मानकों में विशेष छूट को मंजूरी दी है, इस सीजन की शुरुआत से ही लागू होगी।