अनूपपुर: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर नाबालिग का अपहरण, शादी का झांसा देकर झारखंड ले गया था युवक, गिरफ्तार

अनूपपुर, 24 अप्रैल । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती और शादी का झांसा देकर एक नाबालिग का अपहरण करने वाले युवक को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 20 वर्षीय कुश नारायण नायक निवासी रांची (झारखंड) को शुक्रवार को बिजुरी लाया गया और न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने नाबालिग को भी सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी ने पूछताछ में बताया कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया था। 18 अप्रैल की सुबह नाबालिग बिजुरी से ट्रेन पकड़कर अंबिकापुर पहुंची थी। वहां रांची से आया आरोपी युवक उसे लेने पहुंचा और फिर नाबालिग को अपने साथ रांची, झारखंड ले गया।

नाबालिग के मामा ने 18 अप्रैल को बिजुरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि लड़की घर से बिना बताए लापता हो गई है। प्रारंभिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पता चला कि सोशल मीडिया के जरिए संदिग्ध मोबाइल धारक के संपर्क में आकर रांची चली गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल रांची रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से संबंधित स्थान पर दबिश दी गई, जहां नाबालिग को आरोपी कुश नारायण नायक के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी बिजुरी विकास सिंह ने बताया कि आरोपी युवक पर कई धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाबालिग की ओर से किसी प्रकार के शारीरिक शोषण की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।