छतरपुर: युवती ने की थाने में आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने समय रहते बचाया

छतरपुर, 30 मई । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला मुख्यालय स्थित सिटी कोतवाली थाना परिसर में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती ने कथित रूप से न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने युवती को तुरंत काबू में लेकर सुरक्षित किया और जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

जानकारी के अनुसार, गौतम नगर वार्ड क्रमांक-02 (सोरा पहाड़िया) निवासी शमा खातून शनिवार दोपहर करीब 2 बजे सिटी कोतवाली पहुंची थी। वह अपने पिता पप्पू फकीर की मौत के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व पप्पू फकीर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसे परिवार हत्या का मामला मानता है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस मामले में लगातार पुलिस एवं प्रशासन से न्याय की मांग की, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी के चलते युवती ने थाना परिसर में यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल डाला, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए उसे रोक लिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सहम गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है और युवती की शिकायत पर जांच की जा रही है। साथ ही उसे नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल युवती सुरक्षित है और जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।