चतरा पुलिस ने लकड़ी और 282 किलोग्राम डोडा किया ज़ब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

चतरा, 03 मई । झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लकड़ी और 282 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। इस दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप सुमन ने रविवार को प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि पहली कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सहरिया चौक के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मनातू की ओर से बिहार के रास्ते लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक नीले रंग के ट्रैक्टर को रोका। तलाशी के दौरान ट्रॉली से 24 पीस लकड़ी के बोटे बरामद किए गए।

हालांकि, पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर को खेत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और लकड़ी को जब्त कर लिया है। इस मामले में ट्रैक्टर मालिक राम विजय यादव और अज्ञात चालक के खिलाफ प्रतापपुर थाना कांड संख्या 42/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बेलवादहर गांव में एक मालवाहक ऑटो को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान धान की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 282 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। यह खेप कुंदा से बिहार ले जाई जा रही थी। मौके से ऑटो चालक अजय कुमार साव (27) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रतापपुर थाना कांड संख्या 43/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही मालवाहक ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।

प्रेस वार्ता में एसडीपीओ संदीप सुमन के साथ प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी भी मौजूद रहे।———-