पश्चिमी सिंहभूम, 03 मई ।
राज्य सरकार ने केंदु पत्ता तोड़ने वाले मजदूरों की मजदूरी दर बढ़ा दी है। इस फैसले से मजदूरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सरकार का यह निर्णय मजदूरों के हित में उठाया गया सराहनीय कदम है। नए प्रावधान के अनुसार अब मजदूरों को 1000 पोला (गड्डी) केंदु पत्ता संग्रह करने पर लगभग 2035 रुपये का भुगतान किया जाएगा। यह दर 30 जून 2026 तक लागू रहेगी।
बुधराम लागुरी ने कहा कि इस फैसले से राज्य के हजारों आदिवासी और ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनकी आजीविका केंदु पत्ता संग्रह पर निर्भर है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह पहल मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और वन आधारित रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
हालांकि, कुछ क्षेत्रों से भुगतान में देरी और व्यवस्था संबंधी शिकायतें भी सामने आई हैं। इस पर सरकार ने संबंधित विभागों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय मजदूरों ने मजदूरी बढ़ोतरी के फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे उनकी आय में सुधार होगा।