अगले दो दिन तेज गर्मी का अलर्ट, प्रशासन ने जारी किए एहतियाती निर्देश

देहरादून, 25 मई । उत्तराखंड के मैदानी जनपदों में अगले दो दिनों तक तेज गर्मी और हीट वेव जैसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 25 मई से 27 मई तक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बन सकती है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पत्र जारी कर सभी जनपदों को सतर्क रहने एवं आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों और नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने के साथ स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बर्फ और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। लू और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

नगर निकायों को बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, प्याऊ और शीतल जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और पानी की कमी वाले क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। बाहरी कार्यस्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए कार्य समय सुबह और शाम तक सीमित रखने की सलाह भी दी गई है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें।