विनेश फाेगाट ने नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट  पर उठाए सवाल

चंडीगढ़, 03 मई । उत्तर प्रदेश के गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट विवादों में घिर गए हैं। हरियाणा के उचाना हलके से विधायक एवं ओलंपियन विनेश फोगाट ने चेतावनी दी है कि अगर गोंडा में होने वाले आगामी नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के दौरान उन्हें या उनकी टीम के सदस्यों को कुछ भी अनहोनी होती है, तो इसके लिए भारत सरकार जिम्मेदार होगी। टूर्नामेंट से पहले ही विनेश फोगाट ने पक्षपातपूर्ण अंपायरिंग को लेकर भी आशंकाएं जताईं।

रविवार को फेसबुक पर एक वीडियो संदेश में फोगाट ने आरोप लगाया कि सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट अभी गोंडा में हो रहा है, जो बृज भूषण शरण सिंह का गढ़ है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि टूर्नामेंट के नतीजों पर भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख के करीबी लोगों का असर पड़ सकता है।

विनेश ने कहा कि यह टूर्नामेंट ऐसी जगह आयोजित किया जा रहा है, जहां बृज का दबदबा बहुत ज़्यादा है। कौन किस मुकाबले में अंपायरिंग करेगा, कितने पॉइंट दिए जाएंगे,मैट चेयरमैन के तौर पर कौन बैठेगा। इन सभी चीज़ों को वह और उनके लोग अपने हिसाब से कंट्रोल कर सकते हैं।

विनेश ने ऐसे माहौल में मुकाबला करने के मानसिक दबाव पर भी चिंता जताई है।

यह चिंता इसलिए भी है,क्योंकि सिंह के खिलाफ चल रहे यौन उत्पीडऩ के मामले में वह शिकायत करने वाली मुख्य लोगों में से एक हैं।

पीडि़तों की पहचान और गरिमा की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए, फोगाट ने कहा कि हालात ऐसे बन गए थे कि उन्हें मजबूर होकर सबके सामने अपनी बात रखनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि मैं उन छह पीडि़तों में से एक हूं,जिन्होंने बृज भूषण शरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अभी कोर्ट में मेरी गवाही चल रही है। ऐसे में उनके गढ़ में जाकर टूर्नामेंट में हिस्सा लेना मेरे लिए बहुत ही मुश्किल काम होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में किसी महिला के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खेल मंत्रालय ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है।

उल्लेखनीय है कि विनेश फोगाट ने वर्ष 2023 में महिला पहलवानों के विरोध-प्रदर्शनों की अगुवाई की थी। इन प्रदर्शनों में महिला पहलवानों ने सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। राजनीति तथा पारिवारिक व्यस्तता के चलते विनेश फोगाट कुछ समय से खेल से दूर थी लेकिन अब वह फिर से सक्रिय हो गई हैं।