रांची, 22 जून । रांची नगर निगम (आरएमसी) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स के समय पर भुगतान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से करदाताओं के लिए विशेष छूट योजना लागू की है। इस योजना के तहत एकमुश्त होल्डिंग टैक्स जमा करने वाले करदाताओं को अधिकतम 10 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष सुविधा का लाभ उठाने के लिए अब केवल आठ दिन शेष रह गए हैं।
नगर निगम के अनुसार, करदाता 30 जून 2026 तक अपने होल्डिंग टैक्स का एकमुश्त भुगतान कर निर्धारित छूट का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद यह विशेष छूट योजना स्वतः समाप्त हो जाएगी और निर्धारित दरों के अनुसार ही कर का भुगतान करना होगा। इसलिए नागरिकों से समय रहते कर जमा करने की अपील की गई है।
रांची नगर निगम के आयुक्त सुशांत गौरव ने शहर के सभी होल्डिंग धारकों से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने कर का भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर कर भुगतान से न केवल नागरिकों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि नगर निगम को भी शहर में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
निगम प्रशासन ने करदाताओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि अधिक से अधिक लोग 30 जून की अंतिम तिथि से पहले भुगतान कर छूट योजना का लाभ उठाएंगे।