बलरामपुर : राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ स्ट्रांग रूम का त्रैमासिक निरीक्षण

बलरामपुर, 24 जून । उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया ने आज बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त जिला कार्यालय परिसर स्थित स्ट्रांग रूम का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई निर्वाचन सामग्रियों और ईवीएम मशीनों का सत्यापन किया गया।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन माह में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण और वहां रखी निर्वाचन सामग्रियों का सत्यापन किया जाता है। इसी क्रम में आयोजित निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों को स्ट्रांग रूम में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन सामग्रियों और ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा निरीक्षण तिथि का उल्लेख करते हुए पंजी में हस्ताक्षर किए गए। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद स्ट्रांग रूम को पुनः विधिवत सीलबंद कर दिया गया।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि तथा निर्वाचन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।