खूंटी, 24 जून । उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स (आपूर्ति) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राशन वितरण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी, राशन कार्ड और आपूर्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (जेएसएफएसएस) के अंतर्गत लाभुकों को खाद्यान्न वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों को समय पर खाद्यान्न उठाव और निर्धारित मात्रा में लाभुकों के बीच वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करने को कहा।
बैठक में राशन कार्डधारियों के आधार और मोबाइल नंबर सीडिंग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इस कार्य में तेजी लाने और सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाए ताकि लाभुकों को योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित आपूर्ति विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।