जयपुर, 22 जून । पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जाेेधपुर के पावटा जिला अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के बाद महिलाओं की तबीयत बिगड़ने और जोधपुर में आठ प्रसूताओं की तबीयत खराब होने तथा दो की हालत गंभीर होने की घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं और अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि एक के बाद एक महिलाओं और मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है, लेकिन मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री जवाब देने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के बाद मरीजों की हालत गंभीर होना स्वास्थ्य विभाग की विफलता और सरकार की लापरवाही का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में अस्पताल इलाज के केंद्र कम और अव्यवस्था के केंद्र अधिक बन गए हैं। सरकार हर घटना के बाद केवल जांच की घोषणा कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है, जबकि दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, जिससे लापरवाही की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
खाचरियावास ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रभावित महिलाओं को बेहतर उपचार और उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और जवाबदेही तय होने तक संघर्ष जारी रखेगी।