अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की खूंटी जिला इकाई ने बिरसा कॉलेज में छात्र सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर बुधवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ चंद्र किशोर भगत को ज्ञापन सौंपा।
जिला संयोजक हीरांजलि हेमरोम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी भी उपस्थित थे।
ज्ञापन में परिषद ने कॉलेज परिसर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई। विद्यार्थी परिषद ने हाल के वर्षों में शैक्षणिक संस्थानों में हुई अग्निकांड की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कॉलेज में लगे अग्निशामक यंत्रों की जांच, उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने और कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को फायर सेफ्टी प्रशिक्षण देने की मांग की।
साथ ही नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
परिषद ने छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, छात्र-छात्राओं के शौचालयों की नियमित सफाई और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़े कंप्यूटर कक्ष को पुनः शुरू करने, पुस्तकालय में दैनिक समाचार पत्र, रोजगार समाचार और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पत्र-पत्रिकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
छात्र संगठन ने कॉलेज में कॉमन रूम को व्यवस्थित करने, परिसर की नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। जिला संयोजक हीरांजलि हेमरोम ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रही है, लेकिन पूर्व में उठाई गई कई समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो सका है।
प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि छात्र सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं किसी भी शैक्षणिक संस्थान की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं, प्रभारी प्राचार्य डॉ चंद्र किशोर भगत ने ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि सात दिनों के भीतर ठोस पहल नहीं होने पर छात्रहित में चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया जाएगा।
इस अवसर पर मधुवा मुंडा, सुखराम हेमरॉम सहित कई छात्र प्रतिनिधि उपस्थित थे।