धनबाद, 04 जून । बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में तालाब में डूबने से दिलीप हांसदा (35) की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार दिलीप हांसदा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार दोपहर वह गांव के बाहर स्थित तालाब में स्नान करने गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। मृतक के भाई प्रकाश हांसदा ने बताया कि देर रात तक उन्होंने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद दिलीप का शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद गांव में मातम छा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने कहा कि घटना की जानकारी गोविंदपुर अंचलाधिकारी को दी गई है और मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पुलिस मामले की आवश्यक प्रक्रिया में जुटी हुई है।